अमित जोगी का बड़ा बयान- मैं भगोड़ा नहीं, गुजरात पुलिस की सुरक्षा में हूं
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में रायपुर पुलिस द्वारा ‘जोगी निवास’ पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने खुद को भगोड़ा बताए जाने पर आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया है कि वे कानून से भाग नहीं रहे हैं, बल्कि इन दिनों गुजरात में हैं। उन्होंने दावा किया कि वे गुजरात पुलिस की सुरक्षा में हैं। अमित जोगी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भगोड़ा वह होता है, जो कानून से भागता है। उन्होंने कहा कि वे आज भी गुजरात पुलिस की सुरक्षा में हैं। इस बयान के जरिए उन्होंने उन चर्चाओं का जवाब देने की कोशिश की है, जिनमें पुलिस का नोटिस जारी होने के बाद उनके फरार होने की बात कही जा रही थी।
दरअसल, ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में अमित जोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने उनके निवास पर नोटिस चस्पा किया था। अमित जोगी ने अपने वीडियो का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य राजनीतिक व्यंग्य के माध्यम से चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाना था। उनके मुताबिक, आज चुनाव से लेकर मतदाता तक का एकाधिकार दो लोगों के पास होने का संदेश उन्होंने अपने वीडियो के जरिए देने की कोशिश की थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक व्यंग्य को भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के तहत अपराध का विषय बनाना लोकतंत्र की मूल भावना पर प्रहार है। जोगी का कहना है कि लोकतंत्र में राजनीतिक आलोचना, व्यंग्य और असहमति के लिए जगह होनी चाहिए। अपने बयान में उन्होंने प्राचीन यूनानी नाटककार अरिस्टोफेनेस से लेकर विदूषक की परंपरा तक का उल्लेख किया। उनके अनुसार, व्यंग्य हमेशा से सत्ता पर सवाल उठाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का माध्यम रहा है। अमित जोगी ने कहा कि यह मुद्दा केवल उनके खिलाफ दर्ज मामले तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, असली सवाल चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता और नागरिकों के असहमति जताने के अधिकार से जुड़ा हुआ है। उन्होंने चुनावी व्यवस्था पर धांधली के आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने अपने इस बयान में कोई स्वतंत्र प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
सोशल मीडिया पर जारी संदेश के अंत में जोगी ने युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को संबोधित किया। उन्होंने अंग्रेजी शब्द 'Discord' का इस्तेमाल करते हुए इसे असहमति और अवज्ञा से जोड़ा। साथ ही कहा, 'Where there’s a will, there’s a way.' उन्होंने अपने चर्चित छत्तीसगढ़ी गीत की पंक्तियों के जरिए भी लोगों से जागरूक होने की अपील की। इधर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की ओर से पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि अमित जोगी का 2 से 8 नवंबर तक प्रदेश से बाहर रहने का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। पार्टी का दावा है कि वे 9 नवंबर को संबंधित थाने में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करेंगे। फिलहाल ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो विवाद कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर पुलिस दर्ज प्रकरण की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर अमित जोगी इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और असहमति के अधिकार से जोड़ रहे हैं। अब पुलिस के सामने उनकी पेशी और जांच की आगे की कार्रवाई पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।