जेल से बाहर आया और पुलिस ने दबोच लिया, युवती की शिकायत पर कार्रवाई
छत्तीसगढ़.
रायगढ़। शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और विश्वास में लेकर उससे करीब 93 हजार रुपये लेने के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और रुपये वापस मांगने पर शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता मूलतः तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर काम करती है। युवती ने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि अक्टूबर माह में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की बात कहकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि 8 अक्टूबर 2026 की रात आरोपी उसके किराये के मकान में पहुंचा और शादी करने का भरोसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर आरोपी ने युवती से करीब 93 हजार रुपये भी ले लिए। 28 अक्टूबर को जब युवती ने आवश्यकता पड़ने पर अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए शादी नहीं करने और जो करना है कर लेने की बात कही। इतना ही नहीं, उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की तो जानकारी मिली कि वह थाना जूटमिल के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। दिनांक 17 नवंबर 2026 की शाम मारपीट के प्रकरण में जमानत पर जेल से रिहा होते ही महिला थाना एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं कार्रवाई के बाद आरोपी मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी, पिता मो. सफिउद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जूटमिल के सामने गली, थाना जूटमिल, रायगढ़ को महिला थाना के प्रकरण में गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।