रायगढ़: थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम तराईमाल धनवारपारा में दबिश देकर 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 3,000 रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तराईमाल धनवारपारा निवासी राजकुमार केरकेट्टा अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम स्टाफ ने गवाहों के साथ आरोपी के घर पहुंची और विधिवत रेड कार्रवाई की। मौके पर राजकुमार केरकेट्टा मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान उसने शराब रखना स्वीकार किया। आरोपी के घर के बरामदे में छिपाकर रखी गई 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब, कीमत 3,000 रुपये, बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
आरोपी राजकुमार केरकेट्टा पिता भीमसाय 26 साल निवासी तराईमाल थाना पूंजीपथरा के विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।