हाईवे पर पुलिस जवान से गुंडागर्दी, अज्ञात आरोपियों ने लाठी-डंडों से किया हमला
छग
Durg. दुर्ग। जिले में एक पुलिस जवान के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। कार से एक्सीडेंट करने का आरोप लगाते हुए कुछ अज्ञात लोगों ने प्रधान आरक्षक के साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्के व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में पुलिसकर्मी को चोटें आई हैं। शिकायत के बाद अंजोरा चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनीष कुमार अग्निहोत्री निवासी शिवाजी नगर तितुरडीह पहले थाना उतई में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उनका स्थानांतरण होने के बाद 30 जुलाई को उन्होंने रक्षित केंद्र दुर्ग में पदभार संभाला था। घटना उस समय की है जब वह थाना उतई में पदस्थ थे।
बताया गया कि 27 जुलाई की रात उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह आयुर्वेदिक दवाई लेने के लिए सोमनी क्षेत्र की ओर गए थे। रात अधिक हो जाने के कारण उन्हें वैध राज के घर का पता नहीं मिल पाया। इसके बाद वह अपनी कार CG 07 CR 6177 से वापस उतई लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे जब वह रसमड़ा हाईवे रोड स्थित आशीर्वाद बार के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो, एक आई-20 कार और एक अन्य वाहन खड़े थे। इसी दौरान उनकी कार के पास से एक ट्रक गुजर रहा था, जिससे कार में टकराने जैसी आवाज आई।
आवाज सुनकर प्रधान आरक्षक ने अपनी कार रोककर स्थिति देखने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां खड़े कुछ युवक उनके पास पहुंचे और आरोप लगाने लगे कि उनकी कार ने उनके वाहन को टक्कर मारी है। पीड़ित के अनुसार, तीन से चार युवकों ने बिना जांच किए ही उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान प्रधान आरक्षक ने उन्हें बताया कि वह दुर्ग पुलिस में पदस्थ हैं, लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं रुके। शिकायत में बताया गया कि जब प्रार्थी ने घटना की सूचना देने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला, तो आरोपियों ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया और उसे तोड़ दिया। इसके बाद मोबाइल को दूर फेंक दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लेना, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पुलिसकर्मी ने अंजोरा चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 324(3) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा सकती है और आरोपियों की पहचान के लिए अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से जुड़े किसी भी मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।