झाड़-फूंक कराने पहुंचे किसान से बैगा ने की मारपीट, लोहे की छड़ से किया हमला

छग

Update: 2026-07-18 17:30 GMT
Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में झाड़-फूंक कराने पहुंचे एक किसान के साथ बैगा द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घरेलू समस्या के समाधान के लिए पहुंचे किसान को बैगा ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की छड़ से पीट दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलोदा निवासी बिशेसर निर्मलकर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने भाई तुकाराम निर्मलकर के साथ ग्राम आमाबाह स्थित बैगा जीवराखन लाल के घर घरेलू समस्या के समाधान और झाड़-फूंक कराने के लिए गया था।

पीड़ित के अनुसार, जब वह बैगा के घर पहुंचा तो बैगा ने उस दिन पाठ-पीढ़ा नहीं बैठाने की बात कही। इस पर बिशेसर ने बताया कि वह दूर से आया है और उसने बैगा से अपनी समस्या सुनकर उसका समाधान बताने का आग्रह किया। आरोप है कि इस बात से बैगा जीवराखन लाल नाराज हो गया और उसने बिशेसर के साथ विवाद शुरू कर दिया। शिकायत में बताया गया है कि बैगा ने किसान को मां-बहन की गंदी गालियां दीं और आरोप लगाया कि वह लोग खुद भूत-प्रेत लेकर आए हैं। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बैगा ने अपने हाथ में रखी लोहे की छड़ से बिशेसर पर हमला कर दिया। मारपीट में किसान की बाईं आंख, बाएं पैर, पेट और सीने में चोटें आईं। घटना के दौरान बिशेसर के साथ मौजूद उसके भाई तुकाराम निर्मलकर ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना रात के समय हुई थी। वारदात के बाद तत्काल थाने पहुंचने के लिए उन्हें कोई साधन नहीं मिला, जिसके कारण वह उसी दिन शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बाद में उन्होंने बालोद थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद बालोद थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बैगा जीवराखन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News