रोमानिया की गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जज/रेफरी बने भिलाई के तीरथ राउत

छग

Update: 2026-07-09 15:48 GMT
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। प्रदेश के अनुभवी बॉक्सिंग अधिकारी और एशियन कांफ्रडेशन रेफरी/जज तीरथ राउत को रोमानिया में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित गोल्डन बेल्ट आमंत्रण मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 के लिए जज/रेफरी नियुक्त किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 9 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक रोमानिया में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में विश्वस्तरीय मुक्केबाज हिस्सा लेंगे, वहीं मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी और जजों की नियुक्ति की गई है।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा छत्तीसगढ़ के तीरथ राउत को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए रेफरी/जज के रूप में मनोनीत किया गया है। यह प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। तीरथ राउत प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 8 जुलाई 2026 को रोमानिया के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके चयन पर छत्तीसगढ़ खेल जगत में खुशी का माहौल है। छत्तीसगढ़ प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने तीरथ राउत को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। संघ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के प्रतिनिधि के रूप में उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ बॉक्सिंग के लिए गर्व का विषय है।
इस संबंध में जानकारी आर. राजेंद्रन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग संघ ने दी। उन्होंने कहा कि तीरथ राउत का अनुभव और खेल के प्रति उनकी विशेषज्ञता उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए योग्य बनाती है। गौरतलब है कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में रेफरी और जज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, नियमों के पालन और निष्पक्ष निर्णय की जिम्मेदारी रेफरी और जजों पर होती है। तीरथ राउत की इस नियुक्ति से प्रदेश के युवा मुक्केबाजों को भी प्रेरणा मिलेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भागीदारी प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में मदद करेगी।
Tags:    

Similar News