Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले की तोरवा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए जांजगीर-चांपा जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। इसके साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो पुराने निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने 13 जुलाई 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-10-P-8046) अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर तोरवा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान विनोद गोड (26 वर्ष), निवासी मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुलमुला पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की बाइक बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दो निगरानी बदमाशों पर भी कार्रवाई
इसी दौरान संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तोरवा पुलिस ने दो पुराने निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु (30 वर्ष) और निलेश सोनकर (24 वर्ष) को संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अपराधियों पर निगरानी रहेगी जारी
तोरवा पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।