ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिला था शव, मृतक की पहचान होते ही सामने आई बड़ी जानकारी
हत्या का मामला.
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात युवक के शव की आखिरकार पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय योगेश कश्यप के रूप में हुई है। चार दिन पहले 24 अक्टूबर को जूटमिल थाना क्षेत्र में उसका शव मिला था। पुलिस की जांच के बीच सोशल मीडिया पर हत्या से जुड़ी खबर और मृतक का हुलिया देखकर परिजन मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई। योगेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार गहरे सदमे में है। मृतक अपने पीछे तीन साल की बेटी छोड़ गया है। परिजनों ने आरोपियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
चार दिन बाद हुई मृतक की पहचान, बिलासपुर से जुड़ा है परिवार
पुलिस को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, मृतक योगेश कश्यप (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय दिलहरण कश्यप, मूल रूप से बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में महादेव मंदिर के पास का निवासी था। वर्तमान में वह रायगढ़ जिले के किरोड़ीमलनगर स्थित उच्चभिट्ठी क्षेत्र में अपनी मां के साथ रहता था।
24 अक्टूबर की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना जूटमिल पुलिस को मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। मृतक के सीने और कंधे पर चोट के निशान पाए गए थे। उस समय उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
इसके बाद शव को सुरक्षित रखवाकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर और हुलिए से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया तथा आसपास के क्षेत्रों में साझा की थी।
सोशल मीडिया पर खबर देखकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन
मृतक के परिजनों के अनुसार, योगेश अक्सर काम के बाद अपने दोस्तों के साथ बाहर रुक जाता था। इसी कारण जब वह घर नहीं पहुंचा, तो शुरुआत में परिवार को किसी बड़ी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन एक-दो दिन बीतने के बाद भी योगेश का कोई पता नहीं चला, तो परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ने लगी। परिजन उसकी तलाश करने लगे।
इसी बीच सोशल मीडिया पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास अज्ञात युवक की हत्या की खबर सामने आई। मृतक के हुलिए का विवरण योगेश से मिलता-जुलता होने पर परिजनों को आशंका हुई। इसके बाद परिवार के सदस्य रायगढ़ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और शव को देखा। वहां उन्होंने मृतक की पहचान योगेश कश्यप के रूप में की। जिस युवक की तलाश में परिवार लगातार परेशान था, उसकी मौत की जानकारी मिलने से घर में शोक का माहौल है।
तीन साल की बेटी का पिता था योगेश कश्यप
परिजनों के मुताबिक, योगेश कश्यप विवाहित था और उसकी एक तीन वर्षीय बेटी है। पत्नी से पारिवारिक अनबन के चलते दोनों अलग रह रहे थे। उसकी पत्नी बेटी को लेकर अलग रहती थी, जबकि योगेश अपनी मां के साथ उच्चभिट्ठी स्थित घर में रह रहा था।
योगेश के पिता स्वर्गीय दिलहरण कश्यप रायगढ़ के स्थानीय जिंदल प्लांट में काम करते थे। पिता के नौकरी करने के दौरान ही परिवार ने उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमलनगर में मकान बनाकर रहना शुरू किया था। योगेश स्वयं पूंजीपथरा क्षेत्र के बीएस प्लांट में काम करता था। उसकी बहन बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में कार्यरत है। परिवार को उम्मीद थी कि योगेश कुछ समय बाद घर लौट आएगा, लेकिन शव की पहचान होने के बाद उनकी तलाश दुखद खबर में बदल गई।
हत्या का मामला दर्ज, एक युवक और चार नाबालिग पकड़े गए
घटना के बाद जूटमिल पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की थी। जांच में हत्या का मामला सामने आने पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई। 25 अक्टूबर की पुलिस कार्रवाई संबंधी रिपोर्टों के अनुसार, जूटमिल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया।