Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से सरिया चोरी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डिंडौरी चौकी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी के 20 बंडल सरिया और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 44 हजार 435 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रात के समय निर्माणाधीन स्कूल परिसर से सरिया चोरी कर ट्रैक्टर के माध्यम से उसे दूसरे स्थान पर पहुंचाया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस ने मामले में मुखबिर तंत्र और तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की पहचान कर चोरी की घटना का खुलासा किया।

निर्माणाधीन हाई स्कूल से चोरी हुए थे सरिया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोरमी के गांधीडीह स्थित विनय विहार कॉलोनी निवासी विवेक सिंह ने डिंडौरी चौकी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आर.जे. कंस्ट्रक्शन द्वारा ग्राम लीलापुर में हाई स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन भवन के सामने अग्रोहा कंपनी के 10 एमएम के सरिया रखे हुए थे। आरोप है कि 9 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात चोर निर्माण स्थल से सरिया चोरी कर ले गए। शिकायत में शुरुआत में 24 बंडल सरिया चोरी होने की जानकारी दी गई थी, जबकि पुलिस विवेचना में 20 बंडल सरिया चोरी किए जाने की बात सामने आई। मामले में चिल्फी थाने के अंतर्गत डिंडौरी चौकी में अपराध क्रमांक 143/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

एसएसपी ने दिए थे जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में डिंडौरी चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरी गए सरिया की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सरिया को ट्रैक्टर के माध्यम से ले जाया गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों से जानकारी जुटाई और तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया।

कबीरधाम जिले के पांच आरोपियों की पहचान
पुलिस जांच में चोरी की घटना से जुड़े संदिग्धों का संबंध कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र से सामने आया। पुलिस ने सबसे पहले रवि कुमार धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रवि कुमार धुर्वे ने अपने चार साथियों शुभम सिंह धुर्वे, जय कुमार पोर्ते, राहुल सिंह धुर्वे और विरेन्द्र कुमार मरकाम के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अन्य चार संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, सभी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

20 बंडल सरिया और ट्रैक्टर जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 20 बंडल सरिया बरामद किए। इनकी कीमत 84 हजार 435 रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल नीले रंग का स्वराज 735 ट्रैक्टर भी जब्त किया गया। ट्रैक्टर का पंजीयन क्रमांक CG 09 JS 4880 है और इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 3 लाख 44 हजार 435 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- रवि कुमार धुर्वे (27 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
- शुभम सिंह धुर्वे (25 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
- जय कुमार पोर्ते (27 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
- राहुल सिंह धुर्वे (24 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
- विरेन्द्र कुमार मरकाम (22 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।

पांचों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को 12 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में डिंडौरी चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, उप निरीक्षक मान सिंह, प्रधान आरक्षक श्याम डहरिया, गुलाब सिंह, आरक्षक पवन गंधर्व और संजय पात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने चोरी गए सरिया और घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: