CG: बाइक से 30 लीटर अवैध महुआ शराब ले जाते आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-25 15:39 GMT
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को बाइक से 30 लीटर अवैध हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल दाखिल कराया गया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा के निर्देशानुसार और कलेक्टर पदमिनी भोई साहू तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। शनिवार को जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध मदिरा परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान टीम ने भकुर्रा अमलीडीपा मार्ग पर गवाहों की मौजूदगी में वाहनों की विधिवत जांच और तलाशी शुरू की। जांच के दौरान एक दोपहिया वाहन संदिग्ध पाया गया। तलाशी लेने पर वाहन में अवैध रूप से रखी गई हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस और आबकारी विभाग की पूछताछ में वाहन चालक की पहचान ग्राम भीमसेनडीह निवासी ललित जायसवाल पिता सहदेव के रूप में हुई। आरोपी अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AS 2154 में 30 लीटर अवैध महुआ शराब लेकर जा रहा था। आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही शराब और वाहन को जब्त कर लिया। बरामद शराब के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए। लेकिन वह कोई अनुमति या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने सूचना तंत्र और सतर्कता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। खासकर ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की जांच बढ़ाई गई है। इस कार्रवाई से अवैध शराब परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags:    

Similar News