Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाइक की रिपेयरिंग के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास स्थित एक गैरेज में यह घटना हुई। बाइक में आग लगते ही मैकेनिक ने तुरंत उसे गैरेज से बाहर सड़क पर पहुंचाया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को आग की चपेट में आने से बचाने का प्रयास किया गया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

स्टार्ट नहीं हो रही थी बाइक
जानकारी के मुताबिक, बाइक मालिक वाहन स्टार्ट नहीं होने की समस्या लेकर उसे ठीक कराने गैरेज पहुंचा था। मैकेनिक बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान जब उसने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, तो अचानक चिंगारी उठी और वाहन में आग लग गई। अचानक बाइक में आग लगने से गैरेज में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए मैकेनिक ने तत्काल बाइक को दुकान से दूर करने की कोशिश की। उसे किसी तरह गैरेज से निकालकर सड़क पर लाया गया, ताकि दुकान और आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियां आग की चपेट में न आएं।

पेट्रोल लीकेज से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि किक मारते समय चिंगारी उठने से आग लग गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाइक में आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। इस दौरान दुकान और आसपास मौजूद वाहनों को सुरक्षित रखने पर ध्यान दिया गया। घटना के कारण कुछ देर के लिए इलाके में हलचल मच गई।

दमकल पहुंचने से पहले जलकर खाक हुई बाइक
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई। हालांकि, दमकल की टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही आग बाइक को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जल गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग गई थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बाइक जल चुकी थी।

मैकेनिक की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
इस घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन मैकेनिक ने तत्काल वाहन को गैरेज से बाहर निकालकर आसपास की दुकानों और दूसरी बाइकों को आग से बचाने का प्रयास किया। यदि आग दुकान के भीतर फैल जाती, तो अधिक नुकसान होने की आशंका थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। बाइक में आग लगने के कारणों को लेकर पेट्रोल रिसाव की आशंका जताई गई है। वाहन में पेट्रोल लीकेज या बिजली से जुड़ी खराबी होने पर मरम्मत के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
Tags: