बीजापुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड में मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्रकार की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान नए तथ्य सामने आए हैं। दो गवाहों को आरोपी के पक्ष में बयान देने के लिए एक लाख रुपए का प्रलोभन देने की शिकायत का दस्तावेज कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं बचाव पक्ष ने सरकारी गवाहों की जिरह के अंश प्रस्तुत कर पुलिस की जांच और साक्ष्य संकलन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
गवाहों को एक लाख रुपए देने का आरोप
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय की एकलपीठ के समक्ष 17 और 18 नवंबर को दोनों पक्षों ने दस्तावेज पेश किए। आपत्तिकर्ता के अधिवक्ता प्रीतम सिंह ने 30 जून 2026 को बीजापुर थाने में दर्ज एनसीआर की प्रति प्रस्तुत की। इसमें गवाह चेतन कापेवार और पवन दुर्गम ने आरोप लगाया कि सुनील कुमार मर्सकोले ने फोन कर सुरेश चंद्रकार के पक्ष में बयान देने के बदले एक लाख रुपए देने की पेशकश की थी।
बचाव पक्ष ने आरोपों को बताया झूठा
बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवांग दुबे ने सुरेश चंद्रकार की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन की प्रति पेश की। इसमें गवाहों को प्रभावित करने के आरोपों को झूठा बताते हुए प्रतिष्ठा धूमिल करने की साजिश करार दिया गया है। सुरेश ने सुनील मर्सकोले से संपर्क होने से भी इनकार किया है।
सरकारी गवाहों की जिरह पर भी सवाल
बचाव पक्ष ने पटवारी बीराराज बाबू और सकनी भास्कर के बयानों की प्रतियां प्रस्तुत कीं। जिरह में पुलिस कार्रवाई के लिए लिखित अनुमति नहीं मिलने और जब्ती से पहले पुलिसकर्मियों की तलाशी नहीं लिए जाने की बातें सामने आईं। इसके अलावा सड़क निर्माण मामले में सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता मधेश्वर प्रसाद के बयान भी प्रस्तुत किए गए।
सेप्टिक टैंक से मिला था पत्रकार का शव
पत्रकार मुकेश चंद्रकार 1 जनवरी 2025 को लापता हुए थे। 3 जनवरी को बीजापुर में ठेकेदार सुरेश चंद्रकार के परिसर स्थित सेप्टिक टैंक से उनका शव बरामद हुआ था। मामले में सुरेश सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान गवाहों और साक्ष्यों से जुड़े मुद्दे चर्चा में हैं।