Raipur रायपुर: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति ही छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को केवल सैन्य सेवाओं के लिए ही तैयार नहीं करता, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। ऐसे समय में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी आज नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए एनसीसी कैडेटों से संवाद कर उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा का उपयोग देश और समाज के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कैडेटों के उत्साह, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ब्रिगेडियर श्री साई प्रसाद, कर्नल श्री रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित थे।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि संस्थान में बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक संसाधनों और आवश्यक अधोसंरचना के विकास के लिए जो भी जरूरतें होंगी, उनका आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा।
श्री चौधरी ने कहा कि एनसीसी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से संस्थान की आवश्यकताओं का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि संबंधित विभाग के माध्यम से बजट में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से लखौली का एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगा।
सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर के साथ राष्ट्रसेवा का गौरवशाली अवसर
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं के लिए उत्कृष्ट करियर के अवसर उपलब्ध कराती हैं। इन सेवाओं में शामिल होकर युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को सैन्य जीवन, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच है। छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर भी सकारात्मक पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण से प्राप्त अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जीवनभर युवाओं के काम आती है।
Tags: