कलेक्टर रोहित ने निर्माणाधीन जूदेव चौक व बीटीआई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का किया निरीक्षण
छग
Jashpur. जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को पत्थलगांव में निर्माणाधीन जूदेव चौक एवं बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जूदेव चौक का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि यह नगर की पहचान के अनुरूप एक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्थल के रूप में विकसित हो। पत्थलगांव से अंबिकापुर जाने वाली मार्ग पर पत्थलगांव बस स्टैंड से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर लगभग 31.13 लाख रुपये की लागत से जूदेव चौक का निर्माण कराया जा रहा है। चौक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के समीप एक आकर्षक मिनी गार्डन विकसित किया जा रहा है।
इसके साथ ही बेहतर प्रकाश व्यवस्था, कलात्मक पेंटिंग एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से चौक को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। कलेक्टर व्यास ने इसके पश्चात जूदेव चौक के समीप निर्माणाधीन बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जूदेव चौक एवं बीटीआई तालाब का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा नगर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पत्थलगांव ऋतुराज सिंह बिसेन, नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहम्मद जावेद खान, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमल कांत श्रीवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।