Ambikapur. अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड लखनपुर में पलंगड़ी से इरगवां पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस 3.70 किलोमीटर लंबे मार्ग से क्षेत्र के 10 ग्रामों के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान होगी।
लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) संभाग, अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 24 दिसंबर 2024 को उक्त कार्य के लिए 602.58 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके अंतर्गत 3.05 किलोमीटर बी.टी. सड़क एवं 0.65 किलोमीटर सी.सी. सड़क का निर्माण किया गया है। मार्ग की चैड़ाई 3.75 मीटर है। इसके अतिरिक्त 06 पाइप पुलिया, 04 स्लैब कल्वर्ट तथा नाले पर 02 मध्यम पुलों का निर्माण किया गया है, जिनमें क्रमशः 2 स्पान 6 मीटर एवं 3 स्पान 8 मीटर की संरचनाएं शामिल हैं।
इस मार्ग से रजपुरी, धनपुरी, टपरकेला, अमदला, चांदो, बेलदगी, पलंगड़ी, इरगवां, अमलभिट्ठी एवं देवीटिकरा ग्रामों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। सड़क निर्माण से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने, किसानों को कृषि उपज बाजार एवं मंडियों तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। विशेषकर बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलने के साथ क्षेत्र की कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
Tags: