DIG-SSP राजेश अग्रवाल ने परेड की सलामी ली, उत्कृष्ट जवानों को किया सम्मानित

छग

Update: 2026-07-31 11:26 GMT
Surguja. सरगुजा। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जनहितैषी बनाने की दिशा में सरगुजा पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, जवानों के टर्नआउट और अनुशासन का जायजा लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा और पुलिस यूनिट बैंक का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जहां डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने परेड की सलामी स्वीकार की। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन और कार्यकुशलता का अवलोकन किया। टोलीवार मार्च पास्ट और स्कॉट ड्रिल भी कराई गई, जिसमें जवानों ने अनुशासन और दक्षता का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया, ताकि पुलिस बल में बेहतर कार्य संस्कृति और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने रक्षित केंद्र की वाहन शाखा का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय वाहनों की वर्तमान स्थिति, रखरखाव, लॉग बुक और अन्य दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी वाहनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए और उनके रिकॉर्ड अद्यतन रखे जाएं। विशेष रूप से बीपी वाहन और जैमर वाहन सहित अन्य महत्वपूर्ण वाहनों को हर समय उपयोग योग्य स्थिति में रखने के निर्देश रक्षित निरीक्षक और वाहन शाखा प्रभारी को दिए गए।
इसके बाद आर्म्स शाखा और स्टोर शाखा का निरीक्षण किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी ने हथियारों के सुरक्षित रखरखाव, नियमित साफ-सफाई और समय-समय पर उनके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टोर शाखा में उपलब्ध सामग्री का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि जवानों को आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा उपयोगी उपकरणों की मरम्मत और रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पुलिस यूनिट बैंक का भी निरीक्षण किया और जवानों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल ऊंचा रखना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना विभाग की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने के लिए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी।
इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय से जिले को आवंटित नए शासकीय वाहन का पूजन भी किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन के बेहतर रखरखाव और आवश्यकता के अनुसार उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधनों का सही उपयोग पुलिस की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाता है। वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) राकेश बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा, रीडर अमित पाण्डेय सहित लगभग 160 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Tags:    

Similar News