जंगल में हाथी शावक का शव मिलने से हड़कंप, मौत का कारण स्पष्ट नहीं
छत्तीसगढ़.
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक हाथी के शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के बिहारपुर क्षेत्र के जंगल में शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के बिहारपुर क्षेत्र में मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के पास जुड़वनिया लालमाटी जंगल में हाथी के शावक का शव मिला है। मृत शावक की उम्र करीब दो से तीन साल बताई जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।