ई-रिक्शा चालक की मनमानी, एंबुलेंस को रास्ता नहीं देने का वीडियो वायरल
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात नियमों की अनदेखी का एक मामला सामने आया है, जहां एक ई-रिक्शा चालक द्वारा कथित तौर पर एंबुलेंस को रास्ता नहीं दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे एक जागरूक नागरिक ने रिकॉर्ड कर जनता से रिश्ता को भेजा है। वीडियो सामने आने के बाद ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना लालगंगा शॉपिंग मॉल के पास से शारदा चौक के बीच की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा रहा है कि एंबुलेंस सड़क से निकलने का प्रयास कर रही है, लेकिन ई-रिक्शा चालक उसे रास्ता देने के बजाय आगे बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन को रास्ता नहीं मिलने से मरीज की जान पर खतरा पैदा हो सकता है। आजकल ई-रिक्शा चालको की गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है।
आपातकालीन वाहन को रास्ता देना जरूरी
नियमों के अनुसार, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देना अनिवार्य है। किसी भी आपात स्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी मरीज की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इस घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या के बीच कई चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। कई बार सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने, अचानक मोड़ने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
यातायात पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा चालकों द्वारा नियमों के उल्लंघन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कम दिखाई देती है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में यातायात पुलिस को सख्ती बरतनी चाहिए और नियम तोड़ने वाले चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।