Kondagaon. कोंडागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने जिले के 231 संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यार्थियों के अपार/एमबीयू निर्माण में आ रही समस्याओं का निराकरण करते हुए शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार/एमबीयू तैयार करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने में अभिलेख संबंधी कठिनाई होने पर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर प्रमाण पत्र शीघ्र बनवाने के लिए कहा गया।
जिले में स्कूल नहीं आने वाले एवं शाला त्यागी 381 बच्चों का सर्वे कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा उन्हें पुनः विद्यालय में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यावसायिक शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संचालित ट्रेड में अधिक से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश प्राप्त हो चुके हैं। पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग के पश्चात ही वितरण सुनिश्चित करने तथा जिन विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकें आवश्यकता से अधिक हैं, वहां से अन्य विद्यालयों में उनका समायोजन करने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों की वीएसके उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा नवमीं में अध्ययनरत बालिकाओं को निर्धारित समय-सीमा में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संकुल समन्वयकों को विद्यालयों की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा पोषण वाटिका वाले विद्यालयों में सब्जियों सहित अन्य उपयोगी पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। जर्जर एवं अति जर्जर विद्यालय भवनों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए वीबीग्राम के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अति जर्जर भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाने के लिए भी निर्देशित किया गया। स्मार्ट क्लास संचालित विद्यालयों में टीवी एवं अन्य उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण कर पोर्टल पर उसकी प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर सहित जिले के 231 संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
Tags: