नेत्रदान से दो जिंदगियों को मिलेगी नई रोशनी, परिवार के अन्य सदस्यों ने भी लिया नेत्रदान का संकल्प

Update: 2026-07-29 11:21 GMT

बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा विकासखंड अंतर्गत जरहागांव में नेत्रदान के माध्यम से मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। दिवंगत रोहिणी वर्मा के परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा एवं मानव सेवा की भावना का सम्मान करते हुए उनका नेत्रदान कराया। इस पुनीत कार्य से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में पुनः उजाला आने की उम्मीद जगी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी, खंड चिकित्सा अधिकारी भाटापारा डॉ. राजेंद्र माहेश्वरी तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा माहेश्वरी के मार्गदर्शन में नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।नेत्र सहायक अधिकारी पद्मिनी सिंगरौल द्वारा नेत्र सुरक्षित रूप से निकाले गए। नेत्र सहायक अधिकारी शारिक हैदरी एवं किस्मत गुलेरी द्वारा प्राप्त नेत्रों को सुरक्षित रूप से नेत्र बैंक तक पहुँचाया गया। इस पुण्य कार्य में दिवंगत रोहिणी वर्मा के परिजन मोतीराम वर्मा, हरिकिशन वर्मा, पूना राम वर्मा सहित परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

नेत्र रोग विशेषज्ञ और सीएमएचओ डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि नेत्रदान महादान है। मृत्यु के उपरांत किया गया नेत्रदान दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नई रोशनी प्रदान कर सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ नेत्रदान का संकल्प लें और मृत्यु के पश्चात इस महान दान के माध्यम से किसी के जीवन में उजाला लाने का प्रयास करें। इस अवसर पर दिवंगत रोहिणी वर्मा के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी भविष्य में नेत्रदान करने का संकल्प लिया। यह पहल समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश है।

Tags:    

Similar News