शराब पीकर करता था मारपीट, पत्नी ने कुल्हाड़ी से कर दी पति की हत्या
छत्तीसगढ़
मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू विवाद के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खडगांव थाना क्षेत्र के सिवनी बाजोपारा गांव में एक महिला पर अपने पति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति की शराब पीने की आदत और आए दिन होने वाली मारपीट से परेशान थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी मालती पुरामे (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान कारजू राम पुरामे (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
शराब पीकर पत्नी से करता था मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कारजू राम पुरामे शराब पीने का आदी था। आरोप है कि वह आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचकर अपनी पत्नी मालती पुरामे से विवाद करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। घटना वाली रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, लगातार घरेलू विवाद और मारपीट से परेशान महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या कर दी।
सोते समय कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना की रात विवाद के बाद कारजू राम शराब के नशे में सो गया था। इसी दौरान पत्नी मालती ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पति पर हमला कर दिया। आरोप है कि महिला ने पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।
खाट पर खून से लथपथ मिला शव
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की मां जांगय बाई अपनी बेटी और दामाद के साथ घर पहुंचीं। वहां कारजू राम परछी में खाट पर मृत अवस्था में मिला। शव के आसपास खून के निशान थे। वहीं खाट के नीचे खून से सनी कुल्हाड़ी भी पड़ी हुई थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल खडगांव पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सूचना मिलते ही खडगांव थाना प्रभारी सुशील कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इसके बाद मालती पुरामे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना का सबसे दुखद पहलू दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद बच्चों के सामने गंभीर पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है। घरेलू विवाद से शुरू हुई इस घटना ने पूरे परिवार को प्रभावित किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।