बिलासपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत मामले में 2 महीने बाद FIR दर्ज

छग

Update: 2026-07-19 15:55 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के छतौना स्थित शारदा रोड निर्माण कंपनी के पास का है, जहां तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुनील सोनवानी पिता छोटेलाल सोनवानी, उम्र 34 वर्ष, निवासी बेलमुण्डी थाना हिर्री जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 281, 125(a), 106 BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 25 मई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। मृतक सुनील सोनवानी अपने परिचित केशव कुमार सूर्यवंशी के साथ मोटरसाइकिल से निजी काम के सिलसिले में चकरभाठा गए हुए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस बेलमुण्डी लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे छतौना के आगे शारदा रोड निर्माण कंपनी के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी चकरभाठा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गए।
हादसे में केशव कुमार सूर्यवंशी को मामूली चोट आई, जबकि सुनील सोनवानी के सिर में गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं देखा जा सका। घटना के बाद केशव कुमार ने घायल सुनील सोनवानी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमसेना पहुंचाया, जहां उसका प्रारंभिक इलाज किया गया। इसी दौरान बेलमुण्डी निवासी नंदनी देवी लास्कर ने दुर्घटना की सूचना सुनील के परिजनों को मोबाइल के माध्यम से दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सुनील सोनवानी को बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर लेकर गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी।
पुलिस जांच में मृतक के पिता छोटेलाल सोनवानी ने भी अपने बयान में बताया कि उनके बेटे की मौत दुर्घटना में लगी चोटों के कारण हुई है। उन्होंने किसी अन्य प्रकार की आशंका जाहिर नहीं की और दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और कई प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। इसमें केशव कुमार सूर्यवंशी, मृतक की पत्नी ममता सोनवानी, मां बुधवारा बाई, घटना की सूचना देने वाली नंदनी देवी लास्कर और छतौना निवासी प्रत्यक्षदर्शी संतोषी साहू के बयान शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सफेद रंग की कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर आरके मरकाम, सिम्स बिलासपुर द्वारा मौत का कारण सिर में लगी गंभीर चोट और उससे संबंधित जटिलताएं बताया गया है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और जांच के आधार पर मामला दर्ज किया है। अब पुलिस फरार अज्ञात कार चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के
आसपास लगे
सीसीटीवी कैमरों की जांच और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद ली जा सकती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होने वाले सड़क हादसों की गंभीरता को सामने लाता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News