Korea. कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक माइनिंग सरदार और उनकी पत्नी से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। चरचा ईस्ट कॉलरी में पदस्थ माइनिंग सरदार सुमित कुमार चखियार और उनकी पत्नी सुभ्रा को साइबर ठगों ने ऑयल और गोल्ड ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने फोन, टेलीग्राम और ई-मेल के माध्यम से दंपती से संपर्क किया और अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये निवेश करवा लिए। जब दंपती ने अपने पैसे वापस निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर चरचा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चरचा थाना क्षेत्र के ओल्ड स्टाफ कॉलोनी निवासी सुमित कुमार चखियार चरचा ईस्ट कॉलरी में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब छह महीने पहले उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आए थे। फोन करने वाले व्यक्तियों ने अपना परिचय रंजक और सरदार मनजीत सिंह के रूप में दिया था। दोनों ने सुमित कुमार को ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक लिंक भेजकर स्पोवा.कॉम वेबसाइट पर ट्रेडिंग अकाउंट बनाने के लिए कहा। इसके बाद टेलीग्राम, ई-मेल और मोबाइल फोन के जरिए लगातार संपर्क कर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि आने वाले समय में तेल की कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने दावा किया कि ऑयल ट्रेडिंग में पांच लाख रुपये निवेश करने पर इतनी ही राशि मुनाफे के रूप में मिल सकती है। आरोपियों की बातों पर भरोसा करते हुए सुमित कुमार और उनकी पत्नी सुभ्रा ने 6 अप्रैल 2026 को आरटीजीएस के माध्यम से महादेव कंस्ट्रक्शन के बैंक खाते में पांच लाख रुपये जमा कर दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद उनके ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट में 4,488 डॉलर की राशि दिखाई देने लगी।
इसके कुछ समय बाद आरोपियों ने दंपती को बताया कि ऑयल ट्रेडिंग में महज एक सप्ताह के भीतर 16 हजार डॉलर का मुनाफा हो गया है। इतनी बड़ी रकम का मुनाफा दिखने पर दंपती ने ट्रेडिंग बंद कर अपनी निवेश की गई राशि और लाभ निकालने की इच्छा जताई। हालांकि, आरोपियों ने उन्हें और अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर दोबारा ट्रेडिंग करने के लिए तैयार कर लिया। शिकायत के अनुसार, इस दौरान उनसे गलत ट्रेड करवाए गए, जिसके कारण अकाउंट में दिखाया जा रहा पूरा मुनाफा समाप्त हो गया।
इस बात को लेकर सुभ्रा का ट्रेडिंग कराने वाले रंजक से विवाद भी हुआ। इसके बाद रंजक ने उनसे माफी मांगी। कुछ दिनों बाद सरदार मनजीत सिंह नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि कंपनी ने रंजक को हटा दिया है और अब वह उनकी ट्रेडिंग का काम संभालेगा। उसने दंपती को दोबारा निवेश करने के लिए राजी किया। इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये और निवेश किए। आरोपियों ने इस राशि पर एक सप्ताह में 70 हजार रुपये का मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद दंपती ने 10 सितंबर 2026 को दो लाख रुपये और 11 सितंबर को दो लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए। इसके अतिरिक्त एक लाख रुपये यूपीआई के जरिए भी भेजे गए। इस तरह दंपती ने अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने दंपती को गोल्ड ट्रेडिंग कराने की बात कही। करीब एक महीने के भीतर उनके ट्रेडिंग अकाउंट में नौ हजार डॉलर का मुनाफा दिखाया गया। जब दंपती ने अपनी रकम निकालने के लिए संपर्क किया तो सरदार मनजीत सिंह ने फोन उठाना बंद कर दिया। लगातार संपर्क नहीं होने पर दंपती को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही चरचा थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की। चरचा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर हुई इस धोखाधड़ी की जांच कर रही है।