Mahasamund. महासमुंद। सड़क सुरक्षा एवं यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने आज बस स्टैंड महासमुंद में परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में बस चालकों एवं परिचालकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस चालकों एवं परिचालकों के रक्तचाप (बीपी), शुगर तथा नेत्र परीक्षण सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान कुल 98 बस चालक एवं परिचालक स्वास्थ्य परीक्षण से लाभान्वित हुए। चिकित्सकों ने जांच के आधार पर आवश्यक परामर्श देते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बस चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चालकों एवं परिचालकों को पर्याप्त विश्राम, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की सलाह दी। साथ ही उच्च रक्तचाप, मधुमेह और दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय-समय पर जांच कराने कहा गया।