सूरजपुर। जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। मामला कोल्हुआ गांव के आश्रित ग्राम बोकराटोल का है, जहां बारिश के चलते एक कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बोकराटोल निवासी रामलाल साहु के मकान की छत और दीवार तेज बारिश के कारण अचानक गिर गई। मकान के भीतर रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या सिर छिपाने की खड़ी हो गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच रहने के लिए सुरक्षित स्थान नहीं होने से परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि, चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।