यपुर : छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शनिवार को रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा। न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दूसरे मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन मैच देखने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
शुरुआती झटके के बाद न्यायधानी नाइट्स की जबरदस्त वापसी
न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैच के पहले क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आक्रामक खेल दिखाते हुए न्यायधानी नाइट्स पर दबाव बनाया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को शुरुआती मिनटों में दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इन मौकों को गोल में नहीं बदल सकी। हालांकि, ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास को शानदार तरीके से डिफ्लेक्ट करते हुए पहला गोल दागा और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त के बावजूद स्ट्राइकर्स अपनी लय बरकरार नहीं रख सके। पेनाल्टी कॉर्नर के अवसरों को भुनाने में नाकामी टीम के लिए भारी साबित हुई।
दूसरे क्वार्टर में तीन गोल दागकर पलटा मुकाबला
दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी की। टीम के सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद शादाब अहमद खान ने गोल दागकर न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिलाई। इस दौरान संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के गोलकीपर आदित्य कुमार नेताम मैदान पर गिर पड़े थे। इसके बावजूद न्यायधानी नाइट्स ने अपने आक्रमण की रफ्तार बनाए रखी। शादाब के गोल के एक मिनट से भी कम समय बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। इस तरह न्यायधानी नाइट्स ने दूसरे क्वार्टर में लगातार तीन गोल दागकर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। पहले हाफ में अधिकांश समय संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने दबदबा बनाए रखा, लेकिन गोल करने के अवसरों को भुनाने में असफल रहने के कारण मध्यांतर तक न्यायधानी नाइट्स 3-1 से आगे रही।
चिराग ने दो गोल दागकर दिलाई जीत

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी का प्रयास किया। टीम को एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन खिलाड़ी उसे गोल में नहीं बदल सके। इसके बाद मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर स्कोर 3-2 कर दिया। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स ने जल्द ही जवाब दिया और चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल दागकर बढ़त 4-2 कर दी। मैच के अंतिम चरण में आशीष तानी पूर्ति ने एक और गोल करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की उम्मीदें जगाईं। लेकिन न्यायधानी नाइट्स के सोनू ने पांचवां गोल दागकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। मुकाबला 5-3 के स्कोर पर समाप्त हुआ।
डिप्टी CM अरुण साव ने खिलाड़ियों को दिए पुरस्कार
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए न्यायधानी नाइट्स के चिराग को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के आशीष तानी पूर्ति को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले देखने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और मैच समाप्त होने के बाद आयोजित प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित किया। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चक्रधर चैंपियंस की ओर से परमप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए। उनके प्रदर्शन ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एक गोल किया। हालांकि, टीम के प्रयास जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुए। राजधानी रॉयल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर चक्रधर चैंपियंस ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने की दावेदारी मजबूत कर ली है।


रविवार को होंगे दो अहम मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार, 25 अक्टूबर को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। शाम 5:30 बजे: न्यायधानी नाइट्स बनाम बैलाडीला बुल्स। शाम 7:30 बजे: राजधानी रॉयल्स बनाम मैनपाट टाइटन्स। इन मुकाबलों के नतीजे सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे। खासकर राजधानी रॉयल्स के लिए अगला मुकाबला बेहद अहम होगा, क्योंकि टीम पहले ही लगातार दो मैच हार चुकी है।
Tags: