रायपुर : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की आवासीय योजनाओं को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। मंडल की कुल संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत का विक्रय किया जा चुका है। इसके साथ ही वर्तमान में 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है। यह जानकारी नवा रायपुर स्थित मंडल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने की। इस दौरान मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय और विभिन्न प्रक्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अटल विहार योजना, सामान्य आवास योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, निक्षेप कार्य, रिडेवलपमेंट योजना और वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडल अध्यक्ष ने निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी आवासीय इकाइयों, वित्तीय प्रगति, संपत्तियों के विक्रय तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बाकी संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान बताया गया कि मंडल की कुल संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत का विक्रय पूरा हो चुका है। वहीं, वर्तमान में 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने संपत्तियों के विक्रय की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बाकी संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर काम, 5 के टेंडर जारी
बैठक में शहरी क्षेत्रों में आवासीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और पुनर्विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कुल 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें से 5 योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 5 योजनाओं को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है। मंडल अध्यक्ष ने इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 में 65 प्रतिशत बुकिंग
बैठक में वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 65 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। दुर्ग और बिलासपुर प्रक्षेत्रों ने लगभग 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया है। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इन प्रक्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने अन्य प्रक्षेत्रों के अधिकारियों को भी बुकिंग में तेजी लाने और उपलब्ध संपत्तियों के विक्रय को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
नई आवासीय कॉलोनियों में डिपार्टमेंटल स्टोर की सुविधा
मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने नई आवासीय योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में तैयार होने वाली सभी नई आवासीय कॉलोनियों में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए अनिवार्य रूप से स्थान निर्धारित किया जाए। इस व्यवस्था का उद्देश्य कॉलोनीवासियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं और आवश्यक सुविधाएं आवासीय परिसर में ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आवासीय परियोजनाएं केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इनमें नागरिकों के लिए बेहतर जीवनशैली, मूलभूत सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी कॉलोनियों में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण करने के निर्देश दिए।
निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या निर्धारित गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर ठेका निरस्त करने और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। मंडल आयुक्त ने निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष और आयुक्त ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने, संपत्तियों के विक्रय में तेजी लाने और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दी गईं।
Tags: