रायपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष छापेमारी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। रविवार 1 नवंबर 2026 को तड़के सुबह 5 बजे उत्तर, मध्य और पश्चिम जोन में पुलिस की टीमों ने एक साथ अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में चलाया गया।
तीनों जोन में एक साथ कार्रवाई
अभियान के तहत उत्तर जोन में उरला और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों की BSUP कॉलोनियों में जांच की गई। मध्य जोन में कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू नगर और गोलबाजार की BSUP कॉलोनी में पुलिस पहुंची। वहीं पश्चिम जोन में डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित डिपरापारा BSUP कॉलोनी में दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जानकारी जुटाई। दूसरे राज्यों और जिलों से आकर रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही किरायेदारों के पुलिस सत्यापन की स्थिति भी देखी गई।
पुराने अपराधियों को दी सख्त चेतावनी
पुलिस टीमों ने पुराने अपराधियों और निगरानीशुदा बदमाशों की गतिविधियों की जांच की। उन्हें अपराध से दूर रहने और कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। पूछताछ या वैधानिक कार्रवाई के लिए बुलाए जाने पर तत्काल उपस्थित होकर सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
तीन आबकारी मामले दर्ज, 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अभियान के दौरान उरला थाना क्षेत्र में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित डिपरापारा BSUP कॉलोनी में एक प्रकरण दर्ज हुआ। इस तरह कुल तीन आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा 11 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और एक गिरफ्तारी वारंट भी तामील किया गया। पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags: