Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसे शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम के माध्यम से 13 वर्षीय बालिका से दोस्ती की थी। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर रायगढ़ से ट्रेन के जरिए डोंगरगढ़ ले गया। वहां अपने दोस्त के घर में रखकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे 'अभियान संवेदना' के तहत की गई है।
20 अक्टूबर को लापता हुई थी 13 वर्षीय बालिका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र की एक महिला ने सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी रायगढ़ में अपने परिचित के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। 20 अक्टूबर की सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 617/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इंस्टाग्राम पर छह महीने पहले हुई थी आरोपी से दोस्ती
पुलिस जांच के दौरान बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की गई। साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई, जिसमें महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। बालिका के बयान के अनुसार, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत (18 वर्ष), निवासी भांठापारा, निपनिया से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर बालिका को अपने साथ चलने के लिए बहलाया-फुसलाया।
ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया आरोपी, चार दिन तक दोस्त के घर रखा
पुलिस के अनुसार, आरोपी 19 अक्टूबर की रात रायगढ़ पहुंचा था। अगले दिन 20 अक्टूबर की सुबह उसने बालिका को रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और ट्रेन में बैठाकर डोंगरगढ़ ले गया। बालिका के बयान के मुताबिक, आरोपी उसे डोंगरगढ़ में अपने दोस्त के घर ले गया। वहां चार दिनों तक रखा और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस के अनुसार, बालिका और संदिग्ध युवक लगातार स्थान बदल रहे थे, जिसके कारण उनकी तलाश में कठिनाई आ रही थी। लगातार प्रयास के बाद 26 अक्टूबर को रायगढ़ पहुंचने पर पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
आरोपी पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
बालिका की बरामदगी के बाद महिला पुलिस अधिकारी ने उसका बयान दर्ज किया। इसके साथ ही उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई। बालिका के बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 87, 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
अभियान संवेदना के तहत पुलिस को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक विजय एक्का और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी और महिलाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान दें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क के मामलों में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान संवेदना के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।