Surguja. सरगुजा। जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां चलती हाईवा वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से हाईवा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ के पास अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवा वाहन सड़क पर चल रहा था, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाई जान
हाईवा में आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद हाईवा में फंसे चालक समेत तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग से झुलसे तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
NH-43 पर लगा लंबा जाम
चलते वाहन में आग लगने की घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आग की लपटों और मौके पर जमा भीड़ के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने का प्रयास किया।
दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवा में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से वाहन में आग लगी होगी।
पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर थाना पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस हाईवा वाहन की स्थिति, आग लगने के कारण और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं हादसे में घायल लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।