Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने पब, होटल, ढाबा और बार संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। एसीपी सिविल लाइन रायपुर और थाना तेलीबांधा पुलिस द्वारा आयोजित इस बैठक में संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी पब, ढाबा, होटल और बार संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों को तय समय सीमा के भीतर बंद करें। देर रात तक नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिष्ठान संचालित पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि कई बार देर रात तक चलने वाले पब और बार के कारण आसपास के क्षेत्रों में भीड़, यातायात अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं। इसे देखते हुए सभी संचालकों को सतर्क रहने और पुलिस द्वारा तय गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिया कि उनके प्रतिष्ठान के सामने सड़क पर वाहन खड़े न किए जाएं। ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, ताकि आम लोगों को यातायात जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने सभी पब और क्लब संचालकों को नाबालिगों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्लब या बार में नाबालिग युवक-युवतियों की मौजूदगी पाए जाने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि होटल, बार और पब के बाहर खड़े वाहनों में किसी भी प्रकार का नशा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिष्ठान के बाहर वाहन में बैठकर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के लाइसेंस से जुड़े सभी नियमों का पालन करने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने बताया कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की बैठकें और जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। पब, होटल, बार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।