VIP सुरक्षा के लिए रायपुर पुलिस की बड़ी पहल, 70 जवानों ने पूरा किया विशेष प्रशिक्षण
छग
रायपुर। राजधानी रायपुर में वीआईपी और वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आयोजित चार दिवसीय पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) प्रशिक्षण कार्यशाला का सोमवार को समापन हुआ। पुलिस ट्रांजिट मेस, पुलिस लाइन रायपुर में 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 70 महिला एवं पुरुष जवानों ने निर्धारित मानकों के अनुसार सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। समापन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश कुमार द्विवेदी और रक्षित निरीक्षक अनीश सारथी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
VIP सुरक्षा में छोटी चूक भी पड़ सकती है भारी
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी होने के कारण रायपुर में प्रतिदिन वीआईपी, वीवीआईपी, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राज्यों के विशिष्ट अतिथियों का आगमन होता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वीआईपी सुरक्षा में सतर्कता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, मानसिक सजगता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता आवश्यक है। सुरक्षा ड्यूटी के दौरान छोटी चूक भी गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने जवानों को नियमित अभ्यास और पूरी जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निभाने के निर्देश दिए।
86 जवान नामांकित, 70 हुए सफल
चार दिवसीय कार्यशाला के लिए कुल 86 महिला एवं पुरुष जवानों को नामांकित किया गया था। इनमें नौ प्रशिक्षु शारीरिक दक्षता के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके। शेष 77 जवानों ने इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद सभी ने 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग का अभ्यास किया। निर्धारित 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की अनिवार्यता के कारण सात प्रशिक्षु सफल नहीं हो सके। इस प्रकार कुल 70 जवानों ने प्रशिक्षण पूरा किया।
फायरिंग से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को पॉइंट शूटिंग, ड्राई प्रैक्टिस, वन-मैन और टू-मैन पीएसओ की कार्यप्रणाली तथा स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा वीआईपी की सुरक्षा, संभावित खतरों के दौरान प्रतिक्रिया, निवास और कार्यालय की सुरक्षा, एडवांस सिक्योरिटी लाइजन, एंटी-सबोटाज चेकिंग, एक्सेस कंट्रोल, सभा स्थल, रोड शो और कारकेड व्यवस्था की जानकारी दी गई। कार्यशाला का संचालन सहायक पुलिस आयुक्त निलेश द्विवेदी के पर्यवेक्षण में हुआ। प्रशिक्षण में पुलिस लाइन और वीआईपी सुरक्षा वाहिनी के अनुभवी प्रशिक्षकों ने जवानों को व्यावहारिक जानकारी दी।
दो जवानों को मिला विशेष सम्मान
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन के लिए पुरुष वर्ग में आरक्षक क्रमांक 464 पलाश उपाध्याय और महिला वर्ग में महिला आरक्षक क्रमांक 1962 संतोषी टंडन को सम्मानित किया गया। ``अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।