शराब रेड के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की, तीन महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आघात' के दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़उमरिया में शराब बेचने के आरोप में एक युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि युवक को छुड़ाने के लिए तीन महिलाओं ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं और एक युवक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की रात जूटमिल पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे अवैध रूप से शराब बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई करने पहुंची। टीम में सहायक उप निरीक्षक नरसिंहनाथ यादव सहित आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का और शांति मिरी शामिल थे। पुलिस टीम गवाहों को साथ लेकर संदेही के मकान के पास पहुंची और घेराबंदी की। इसी दौरान एक युवक थैला लेकर भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया।
थैले से 66 पाव देशी शराब बरामद
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पिताम्बर लहरे बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें देशी मसाला शराब की 66 पाव बोतलें बरामद हुईं।
आरोपी को छुड़ाने पहुंचीं महिलाएं, पुलिस से विवाद
पुलिस के अनुसार, शराब जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की जा रही थी। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी। इसी बीच आरोपी पिताम्बर पुलिस के कब्जे से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा। घर की महिलाओं के आवाज लगाने पर दो अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि बीना लहरे, दुमेश्वरी लहरे और रजनी मिरी ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर संबंधित आरोपियों को अभिरक्षा में लिया।
दो अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज
पुलिस ने अवैध शराब बरामदगी के मामले में अपराध क्रमांक 651/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) में कार्रवाई की। वहीं शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक को कर्तव्य निभाने से रोकने और आपराधिक बल के प्रयोग के आरोप में अपराध क्रमांक 654/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तीन महिलाओं सहित चार गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे (24 वर्ष), बीना लहरे (26 वर्ष), दुमेश्वरी लहरे (50 वर्ष) और रजनी मिरी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पिताम्बर, बीना और दुमेश्वरी ग्राम गढ़उमरिया के निवासी हैं, जबकि रजनी मिरी ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली बताई गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और अन्य शासकीय कर्मचारियों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।