किराना दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरी

छग

Update: 2026-07-19 18:25 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान में सेंध लगाकर करीब तीन लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और तिजोरी में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी सहित चांदी के सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू की प्रभात चौक में गोपाल किराना दुकान संचालित है। रोज की तरह 15 जुलाई की रात दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे उन्हें चोरी होने की आशंका हुई। दुकान की जांच करने पर पता चला कि चोर तिजोरी में रखी करीब 2.50 लाख रुपये नकद अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा दुकान में रखे चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सैमसंग की स्मार्ट वॉच, ईयरफोन तथा उनके भतीजे अंकित साहू का पर्स भी चोरी हो गया।
बताया गया कि पर्स में महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और स्कूटी की आरसी भी रखी हुई थी। चोरी गए नकद, चांदी के सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य वस्तुओं की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद आशीष साहू ने दुकान में रखे सामान का मिलान किया और पूरी जानकारी जुटाने के बाद 17 जुलाई को सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों और पुराने चोरी के मामलों में शामिल बदमाशों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
Tags:    

Similar News