Korba. कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना परिसर में पुलिस रिमांड पर खड़े एक 18 चक्का ट्रेलर से चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने ट्रेलर के केबिन का कांच तोड़कर अंदर रखा जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी ट्रांसपोर्टर संजय यादव के ट्रेलर क्रमांक CG 30 F 8112 को 20 जून 2026 को खनिज विभाग ने अवैध गिट्टी परिवहन के मामले में जब्त किया था। कार्रवाई के बाद वाहन को करीब एक महीने के लिए बांकीमोंगरा थाना परिसर में पुलिस रिमांड में खड़ा कराया गया था।
बताया जा रहा है कि वाहन पर अभी तक जुर्माना निर्धारित नहीं किया गया था और वह पुलिस अभिरक्षा में थाना परिसर में खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर ट्रेलर को निशाना बनाया। रविवार सुबह जब वाहन मालिक संजय यादव थाना परिसर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ट्रेलर के केबिन का कांच टूटा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने पत्थर मारकर कांच तोड़ा और अंदर रखे सामान को पार कर दिया। चोरी गए सामान में जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामग्री शामिल है। वाहन मालिक के अनुसार, दो दिन पहले तक ट्रेलर पूरी तरह सुरक्षित था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाना कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली।
इस दौरान पता चला कि थाना परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन उनकी दिशा और कवरेज घटना स्थल की ओर नहीं थी। इसके कारण चोरी की पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। अब सीसीटीवी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वाहन मालिक संजय यादव ने बताया कि उन्होंने अभी तक थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत देने की बात कही है। उनका कहना है कि पुलिस अभिरक्षा में खड़े वाहन से चोरी होना गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।
वहीं बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद चोरी में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना परिसर में जब्त वाहनों की सुरक्षा को लेकर सामने आए इस मामले ने पुलिस व्यवस्था पर चर्चा शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि जांच में चोरी करने वालों तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंच पाती है।
Tags: