रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिवाली के मौके पर चोरों ने शराब दुकान में बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित शराब दुकान की पिछली दीवार में छेद कर अज्ञात चोर करीब 80 बोतल महंगी अंग्रेजी शराब लेकर फरार हो गए। चोरी गई शराब की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आबकारी विभाग की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, दिवाली के अवसर पर पुलिस शहर में यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने तेलीबांधा थाना इलाके में स्थित शराब दुकान को निशाना बना लिया। चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के लिए मुख्य दरवाजे के बजाय पीछे की दीवार में छेद किया और अंदर घुसकर महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं।
दुकान खोलते ही कर्मचारियों के उड़े होश
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब शराब दुकान के कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। दुकान में सामान बिखरा हुआ था और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें गायब थीं। कर्मचारियों ने जब स्टॉक की जांच की, तब करीब 80 बोतल अंग्रेजी शराब चोरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
84 हजार रुपये की शराब लेकर फरार हुए चोर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोरी गई अंग्रेजी शराब की 80 बोतलों की कुल कीमत करीब 84 हजार रुपये आंकी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में छेद कर भीतर प्रवेश किया था। वारदात को अंजाम देने के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि चोरी में दो या उससे अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, आरोपियों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आबकारी विभाग की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस चोरी की इस वारदात की जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी गई शराब बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags: