रायगढ़ के इस्पात प्लांट में मौत का तांडव, भारी लैडल गिरने से मजदूर की जान गई
छत्तसीगढ़
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित आरएस इस्पात प्लांट में मंगलवार को दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट परिसर में काम करने के दौरान क्रेन से उठाया जा रहा भारी लैडल अचानक असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से 26 वर्षीय लैडलमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पूंजीपथरा क्षेत्र में स्थित आरएस इस्पात प्लांट में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान बिहार का रहने वाला 26 वर्षीय फंटूश कुमार प्लांट परिसर में अपनी ड्यूटी कर रहा था। वह कंपनी में लैडलमैन के पद पर कार्यरत था और घटना के समय लैडल को तैयार करने का काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान क्रेन की सहायता से एक भारी लैडल को उठाया जा रहा था। अचानक लैडल का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर जा गिरा। वहां काम कर रहा फंटूश कुमार इसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं। घटना होते ही प्लांट में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी तत्काल कंपनी के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद घायल कर्मचारी को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पूंजीपथरा थाना पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को मामले से अवगत कराया गया। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्लांट में सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्रेन से उठाया जा रहा लैडल अचानक असंतुलित कैसे हुआ और किन परिस्थितियों में प्लेटफॉर्म पर गिरा। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हादसे में बिहार निवासी 26 वर्षीय फंटूश कुमार की मौत हो जाने से औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।