Korba कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने डकैती की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान के साथ दीपका थाना क्षेत्र की दीपका खदान में डकैती की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि हथियारों से लैस बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट कर नकदी तथा कीमती सामान लूट लिया था। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए बांकीमोंगरा थाने में अपराध क्रमांक 148/2026 और 131/2026 तथा दीपका थाने में अपराध क्रमांक 01/2026 दर्ज किया गया। भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसके साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पुलिस को कुछ संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जामनीमूड़ा पाली निवासी 22 वर्षीय राजपाल चौहान, भिलाईबाजार हरदीबाजार निवासी 27 वर्षीय फिरोज मेमन, शुक्लाखर थाना बांकीमोंगरा निवासी 21 वर्षीय निकेश कुमार कश्यप और शांतिनगर थाना कुसमुंडा निवासी 24 वर्षीय होरीलाल केवट शामिल हैं। पुलिस ने इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीनों डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags: