Raigarh रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिगों से संबंधित मामलों में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुसौर पुलिस ने घर से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को जम्मू से सकुशल बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं रैरूमाखुर्द पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म के मामले में विधि से संघर्षरत किशोर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुसौर थाना क्षेत्र में बालिका के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्ष 9 माह की बेटी 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 3 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को नाबालिग के जम्मू में होने की जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुसौर पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर रवाना हुई। पुलिस ने तलाश के दौरान 12 अगस्त को बालिका को संदेही पुनमचंद मैत्री उम्र 24 वर्ष निवासी बुनगा थाना पुसौर के पास से बरामद किया। पुलिस के अनुसार महिला अधिकारी द्वारा बालिका का बयान दर्ज कराया गया। बयान के आधार पर आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर ले जाने और शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में BNS की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया, जबकि बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस सहित पुसौर पुलिस टीम की भूमिका रही।
दूसरा मामला पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र का है। यहां 32 वर्षीय महिला ने एक विधि से संघर्षरत किशोर के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का किशोर घर आया और कथित तौर पर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने बाद में अपने पति को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 225/2026 में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज कराया। रैरूमाखुर्द पुलिस ने विधि से संघर्षरत किशोर को तलब कर नियमानुसार कार्रवाई की और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। इसके बाद किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस के अनुसार एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला और नाबालिगों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी है।
Tags: