सतरेंगा में दर्दनाक हादसा, पिकनिक पर गए SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत

छग

Update: 2026-07-06 19:01 GMT
Korba. कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में रविवार को पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना के लगभग 24 घंटे बाद सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने युवक का शव नदी से बरामद किया। जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी लोग नदी किनारे घूमने और समय बिताने के बाद नदी में बने एक टापू की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वापसी के समय सुभांशु का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए।
बताया गया कि पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे तेजी से डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भी तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही श्यांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह लगभग 11:30 बजे सुभांशु ध्रुव का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई है। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है, जिसे मंगलवार को परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिजनों के अनुसार, सुभांशु ध्रुव चार साल पहले अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी पर लगे थे। वह पिछले ढाई वर्षों से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत थे। परिवार पहले ही एक बड़ी क्षति से उबर रहा था, और अब इस हादसे ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है। घटना के बाद सतरेंगा में मौजूद अन्य पर्यटकों में भी दहशत का माहौल देखा गया। कई लोगों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, झरनों और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचें। मामूली लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Tags:    

Similar News