‘ऑपरेशन बाज’ के तहत चोरी के दो मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-13 11:45 GMT
Mungeli. मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का त्वरित खुलासा करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार रुपये चोरी करने वाले कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में खेत से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम और चोरी का सामान भी बरामद किया है।

कपड़ा दुकान के गल्ले से लाखों रुपये चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार
पहला मामला रंगियापारा निवासी लखन साहू की कपड़ा दुकान से जुड़ा है। प्रार्थी ने थाना चिल्फी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान के गल्ले से लगातार रुपये गायब हो रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दुकान में पिछले करीब चार वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। जांच में सामने आया कि कर्मचारी दुर्गेश साहू (26 वर्ष), निवासी गोल्हापारा, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली द्वारा समय-समय पर दुकान के गल्ले से रुपये निकाले जा रहे थे।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली चोरी
पुलिस ने संदेह के आधार पर दुर्गेश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन पुलिस की सख्त और तकनीकी पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अलग-अलग समय में दुकान के गल्ले से करीब 1.50 लाख से 2 लाख रुपये तक की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 60 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

खेत से मोटर पंप चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरा मामला गैलूगांव निवासी संजय बघेल के खेत से जुड़ा है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया था कि उसके खेत में लगा सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी हो गया है। घटना के दौरान प्रार्थी ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को मोटर पंप लेकर जाते हुए देखा था, जो मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। मामले में थाना चिल्फी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

तीन आरोपियों ने स्वीकार किया अपराध
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही भूपेन्द्र दिवाकर (24 वर्ष), निवासी खैराखुर्द, चौकी डिण्डौरी, जिला मुंगेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी संजय बंजारे (30 वर्ष), निवासी बिझौरी, थाना पंडरिया और महेन्द्र दिवाकर (24 वर्ष), निवासी बिझौरी, थाना पंडरिया के साथ मिलकर मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (लोरमी) माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई। थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऑपरेशन बाज के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। चोरी, लूट और अन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई से जहां चोरी के मामलों का जल्द खुलासा हुआ है, वहीं अपराधियों में भी पुलिस कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों पर नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Tags:    

Similar News