भाजपा नेताओं की बहस कैमरे में रिकॉर्ड करने पर बवाल, पत्रकारों से कैमरे छीनने की कोशिश; इस मंत्री ने संभाला मोर्चा देखें VIDEO
प्रेस क्लब ने मांगी माफी
सारंगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में भारतीय जनता पार्टी का दीपावली मिलन समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब पार्टी के दो नेताओं के बीच हो रही बहस को कैमरे में रिकॉर्ड करने पर पत्रकारों और भाजपा पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार पर पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने और मोबाइल छीनने की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में पत्रकारों ने समारोह स्थल पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। बढ़ते विवाद के बीच पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। दीपावली मिलन समारोह में उत्पन्न हुए इस विवाद के बाद पत्रकारों में नाराजगी है। प्रेस क्लब ने पूरे घटनाक्रम पर आपत्ति जताते हुए संबंधित भाजपा पदाधिकारी से सार्वजनिक माफी और संगठन स्तर पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
दो भाजपा नेताओं की बहस से शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान और जीतू गुप्ता के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस होने लगी थी। वहां मौजूद पत्रकारों ने इस घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करना शुरू किया। इसी दौरान भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार पर पत्रकारों को वीडियो रिकॉर्डिंग करने से रोकने का आरोप लगा। आरोप है कि इस दौरान पत्रकारों के मोबाइल छीनने की कोशिश भी की गई। इसी बात को लेकर समारोह में मौजूद पत्रकारों ने आपत्ति जताई और मामला गरमा गया।
रिकॉर्डिंग से नाराज बीजेपी नेता
वीडियो रिकॉर्डिंग रोकने के कथित प्रयास से नाराज पत्रकारों ने मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं और पत्रकारों के बीच तीखी बहस होने लगी। देखते ही देखते समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित पत्रकारों ने ‘पत्रकारों का अपमान नहीं सहेंगे’ के नारे लगाए। पत्रकारों ने वीडियो बनाने से रोकने और मोबाइल छीनने की कथित कोशिश का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और पत्रकारों के बीच चल रही नोकझोंक को शांत कराने का प्रयास किया गया।
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने की समझाइश
समारोह में बढ़ते विवाद के बीच जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी दोनों पक्षों को समझाते नजर आए। उन्होंने पत्रकारों और भाजपा पदाधिकारियों के बीच उत्पन्न विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। दीपावली मिलन के लिए आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों और भाजपा नेताओं के बीच हुई नोकझोंक के बाद पूरा घटनाक्रम चर्चा में आ गया है।
प्रेस क्लब ने की सार्वजनिक माफी की मांग
घटना के बाद पत्रकारों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विरोध जताया है। प्रेस क्लब ने भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से सार्वजनिक रूप से पत्रकारों से माफी मांगने की मांग की है। इसके साथ ही प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष से भी पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेने और संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने और मोबाइल छीनने की कथित कोशिश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब संगठनात्मक कार्रवाई की मांग तक पहुंच गया है। ऐसे में अब नजर भाजपा संगठन के अगले कदम पर है कि वह प्रेस क्लब की मांगों और संबंधित पदाधिकारी पर लगे आरोपों को लेकर क्या निर्णय लेता है।