चित्रकोट में रील बनाने के लिए महिला सर्किट हाउस की छत पर चढ़ी, वीडियो वायरल
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून में एक महिला द्वारा जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया है। महिला ने सुरक्षा नियमों को दरकिनार करते हुए सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सर्किट हाउस की छत पर बनाए गए कई वीडियो शेयर किए हैं। इनमें से एक वीडियो में वह छत पर खड़े होकर नाचते हुए रील बनाती नजर आ रही है। वहीं, एक अन्य वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं।
सरकारी परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
चित्रकोट स्थित सर्किट हाउस एक महत्वपूर्ण सरकारी परिसर है, जहां अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वीआईपी मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाता है और परिसर के आसपास पुलिस कर्मियों की तैनाती भी रहती है। इसके बावजूद महिला का सर्किट हाउस की छत तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो बनाने के दौरान महिला का पैर फिसल जाता और कोई गंभीर हादसा हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती।
रील के लिए जोखिम उठाने का बढ़ रहा चलन
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में युवाओं और अन्य लोगों द्वारा खतरनाक स्थानों पर जाकर वीडियो बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई बार लोग लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं। चित्रकोट जैसे पर्यटन स्थलों पर भी कई पर्यटक सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए वीडियो और रील बनाते हैं। प्रशासन की ओर से समय-समय पर लोगों से अपील की जाती है कि प्रतिबंधित या जोखिम वाले स्थानों पर जाकर फोटो और वीडियो न बनाएं।