सिलबट्टे से सिर पर वार कर युवक को उतारा मौत के घाट, जांच में जुटी पुलिस

छग

Update: 2026-07-13 18:07 GMT
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के भकुर्रा गांव में एक 23 वर्षीय युवक की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। युवक का शव उसके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भकुर्रा निवासी सोनू चौहान (23 वर्ष) के रूप में हुई है। सोनू घर में अकेला रहता था। उसकी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उसकी मां अलग रहती हैं। रविवार शाम ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को युवक के घर में शव पड़े होने की जानकारी मिली।
सिर पर सिलबट्टे से किए गए थे वार
सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस ने पाया कि युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला किया गया था। घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने सिलबट्टे से सिर पर कई वार किए, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि हत्या शनिवार रात को की गई होगी।
पूरे दिन बंद रहा घर का दरवाजा
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार पूरे दिन सोनू के घर का दरवाजा नहीं खुला था। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका होने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags:    

Similar News