रेवाड़ी में अनोखा ब्रह्म भोज, 350 हलवाइयों ने संभाली रसोई
पिता की आत्मा की शांति के लिए महाभोज, केंद्रीय मंत्री भी पहुंचे
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रायपुर गांव में सरपंच सुरेंद्र सिंह ने अपने पिता सूबेदार अमर सिंह की स्मृति में भव्य देशोड़ी काज एवं ब्रह्म भोज का आयोजन किया। मंगलवार को हुए इस कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। इसके लिए 350 हलवाइयों को बुलाया गया, जिन्होंने देसी घी की जलेबी, लड्डू, सब्जी और पूरी तैयार की।
आयोजन के लिए पांच एकड़ में विशाल टेंट लगाया गया, जबकि छह एकड़ जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। वाहनों की व्यवस्था संभालने के लिए करीब 100 गार्ड तैनात रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, सूबेदार अमर सिंह का 13 मई 2026 को 85 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में 18 साल सेवाएं दी थीं और वर्ष 1999 में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके बेटे सुरेंद्र सिंह गांव के सरपंच और नंगली परसापुर पैक्स के चेयरमैन हैं।
इस आयोजन का निर्णय चार नवंबर को बाबा बणदेव मंदिर में आयोजित झाड़सा 360 खाप की महासभा में लिया गया था। कार्यक्रम से एक दिन पहले खिचड़ी का आयोजन हुआ। ब्रह्म भोज के साथ रागनी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा और राजस्थान के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।