हिसार: हरियाणा में बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने अक्टूबर महीने में हुई दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और अनुबंधित वर्करों की हड़ताल अवधि को नियमित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। निगम प्रबंधन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत 22 और 23 अक्टूबर को हुई हड़ताल में शामिल निगम के नियमित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों तथा कॉन्ट्रैक्ट वर्करों की हड़ताल अवधि को नियमानुसार देय अवकाश के रूप में नियमित किया जाएगा।

निगम प्रशासन के अधीक्षण अभियंता द्वारा मंगलवार, 17 नवंबर को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हरियाणा सरकार द्वारा मामले पर विचार करने के बाद दोनों दिनों की अवधि को नियमित करने का निर्णय लिया गया है। इससे हड़ताल में शामिल संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा एवं अवकाश संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने में सुविधा मिलेगी।

Tags: