Garmin Cirqa में मिलेंगे हेल्थ मॉनिटरिंग फीचर्स

Update: 2026-07-22 12:05 GMT

टेक्नोलॉजी डेस्क। स्मार्ट वियरेबल मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Garmin ने नया स्मार्ट बैंड Garmin Cirqa लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे चुनिंदा ग्लोबल मार्केट्स में पेश किया है। खास बात यह है कि यह स्मार्ट बैंड स्क्रीनलेस डिजाइन के साथ आता है, यानी इसमें कोई डिस्प्ले नहीं दिया गया है। कंपनी का दावा है कि इसका उद्देश्य यूजर्स को बिना किसी डिस्ट्रैक्शन के लगातार हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग की सुविधा देना है। इस नए स्मार्ट बैंड का मुकाबला हाल ही में लॉन्च हुए Google Fitbit Air और Whoop 4.0 जैसे फिटनेस ट्रैकर्स से होगा।

Garmin Cirqa को उन यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जो अपनी सेहत और फिटनेस पर नजर रखना चाहते हैं लेकिन बार-बार स्क्रीन देखने की आदत से बचना चाहते हैं। इसमें मिलने वाले सभी हेल्थ और फिटनेस डेटा को यूजर अपने स्मार्टफोन में Garmin Connect ऐप के जरिए देख सकते हैं। यह स्मार्ट बैंड एंड्रॉयड और आईफोन दोनों डिवाइस के साथ काम करता है।

Garmin Cirqa की कीमत अमेरिका में 199.99 डॉलर यानी करीब 19 हजार रुपये रखी गई है। कंपनी के अनुसार यह स्मार्ट बैंड 24 जुलाई से Garmin के ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से चुनिंदा वैश्विक बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसे फैब्रिक स्ट्रैप के साथ पेश किया गया है, जो ब्लैक, कैप्टन ब्लू, सिट्रॉन ग्रे, डार्क ऑलिव, फ्रेंच ग्रे, फ्रेंच ब्लू और मॉव जैसे सात अलग-अलग रंगों में उपलब्ध है। ग्राहकों के लिए इसमें S-M और L-XL साइज विकल्प दिए गए हैं।

Garmin Cirqa का सबसे बड़ा आकर्षण इसका स्क्रीनलेस डिजाइन है। कंपनी के मुताबिक डिस्प्ले नहीं होने से यूजर का ध्यान भटकता नहीं है और वह अपने काम, वर्कआउट या आराम के दौरान सिर्फ अपनी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर सकता है। हालांकि, इसमें स्मार्ट फीचर्स की कमी नहीं है। यह स्मार्ट बैंड एक्टिविटी को अपने आप पहचानने और रिकॉर्ड करने में सक्षम है। यूजर बाद में Garmin Connect ऐप पर जाकर इन गतिविधियों को देख सकते हैं और जरूरत के अनुसार उनमें बदलाव भी कर सकते हैं।

फिटनेस के शौकीनों के लिए Garmin Cirqa में कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। यह 80 से ज्यादा एक्टिविटीज को ट्रैक करने में सक्षम है। इसमें रनिंग, वॉकिंग, योग समेत कई अन्य एक्सरसाइज मोड शामिल हैं। यूजर स्मार्ट बैंड के साइड में दिए गए बटन की मदद से मैनुअल एक्टिविटी ट्रैकिंग भी शुरू कर सकते हैं।

कंपनी ने इसमें कई एडवांस ट्रेनिंग मेट्रिक्स भी उपलब्ध कराए हैं। Garmin Cirqa में ट्रेनिंग रेडीनेस, HRV स्टेटस, VO2 मैक्स और ट्रेनिंग स्टेटस जैसे फीचर्स मिलते हैं, जो खिलाड़ियों और फिटनेस पसंद लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस समय के साथ यूजर की एक्टिविटी को समझकर ज्यादा सटीक तरीके से उसे क्लासिफाई करने में सक्षम होगा।

बैटरी के मामले में भी Garmin Cirqa को बेहतर बनाया गया है। कंपनी के अनुसार यह स्मार्ट बैंड लगातार हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग के साथ 10 दिनों तक की बैटरी लाइफ दे सकता है। इसमें Garmin Connect ऐप के जरिए कनेक्टेड GPS सपोर्ट और LiveTrack लोकेशन शेयरिंग फीचर भी दिया गया है।

हेल्थ मॉनिटरिंग के लिए Garmin Cirqa में कई सेंसर मौजूद हैं। इसमें SpO2 सेंसर दिया गया है, जो ब्लड ऑक्सीजन लेवल को ट्रैक करता है। इसके अलावा यह हार्ट रेट मॉनिटरिंग, रेस्टिंग हार्ट रेट, असामान्य हार्ट रेट अलर्ट, रेस्पिरेशन रेट, फिटनेस एज, बॉडी बैटरी एनर्जी मॉनिटरिंग, स्ट्रेस मॉनिटरिंग और स्लीप ट्रैकिंग जैसे फीचर्स भी ऑफर करता है।

महिला स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इसमें वूमेन्स हेल्थ ट्रैकिंग फीचर भी शामिल किया गया है। इसकी मदद से महिलाएं अपने स्वास्थ्य से जुड़े कई जरूरी डेटा को मॉनिटर कर सकती हैं।

Garmin का नया Cirqa स्मार्ट बैंड फिटनेस ट्रैकिंग की दुनिया में एक अलग विकल्प के रूप में सामने आया है। जहां ज्यादातर कंपनियां स्क्रीन वाले स्मार्टवॉच और बैंड पर जोर दे रही हैं, वहीं Garmin ने बिना स्क्रीन वाले डिजाइन को प्राथमिकता दी है। अब देखना होगा कि यह नया स्मार्ट बैंड Fitbit और Whoop जैसे लोकप्रिय फिटनेस ट्रैकर्स को बाजार में कितनी चुनौती दे पाता है।

Tags:    

Similar News