Hisar: हरियाली से ही सुरक्षित रहेगा भविष्य, प्रो. बीआर कम्बोज का संदेश

प्रो. बीआर कम्बोज बोले- पर्यावरण बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं पेड़

Update: 2026-07-13 13:08 GMT

हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के शहीद उधम सिंह क्रिकेट स्टेडियम में छात्र कल्याण निदेशालय, भू-दृश्य संरचना इकाई एवं एचएयू क्रिकेट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने पौधा लगाकर किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने विश्वविद्यालय परिवार से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। विश्वविद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कुलपति ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान का भी संदेश देता है।

प्रो. कम्बोज ने औषधीय पौधों के संरक्षण और रोपण पर बल देते हुए कहा कि नीम, तुलसी, गिलोय, आंवला, अश्वगंधा, अर्जुन, एलोवेरा, ब्राह्मी, शतावरी, बेल, हरड़, बहेड़ा, सहजन, सर्पगंधा और सदाबहार जैसे पौधे मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।

भू-दृश्य संरचना इकाई के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद मलिक ने कहा कि पौधारोपण के दौरान भवनों और संस्थानों के लैंडस्केप के अनुरूप बहुउद्देशीय पौधों की प्रजातियों का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News