Hisar: हिसार में सोलर पावर को बढ़ावा, डीएचबीवीएन ने हासिल किया नया रिकॉर्ड
डीएचबीवीएन की सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 69.25 मेगावाट हुई
हिसार: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने प्रधानमंत्री-कुसुम (पीएम-कुसुम) योजना के कंपोनेंट-ए के तहत सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी स्थापित क्षमता 69.25 मेगावाट तक पहुंचा दी है। हाल ही में सात नए सौर ऊर्जा संयंत्रों के संचालन शुरू होने के बाद निगम के अंतर्गत संचालित संयंत्रों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने सोमवार को बताया कि 10 जुलाई को नारनौल सर्किल में कुल 8 मेगावाट क्षमता वाले चार सौर ऊर्जा संयंत्र चालू किए गए। इससे पहले 7 जुलाई को भिवानी सर्किल के गांव सिवानी और पिंजोखरा स्थित 33 केवी सब-स्टेशन खेड़ा एवं पिंजोखरा से जुड़े तीन सौर ऊर्जा संयंत्र, जिनकी कुल क्षमता 5 मेगावाट है, सफलतापूर्वक शुरू किए गए थे।
उन्होंने बताया कि इन सातों संयंत्रों के चालू होने से डीएचबीवीएन ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। हरियाणा में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब तक 61 सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं की कुल प्रस्तावित क्षमता 105.75 मेगावाट है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि निगम शेष स्वीकृत परियोजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा कर रहा है, ताकि 31 मार्च 2027 तक सभी परियोजनाओं को पूरा कर राज्य के विद्युत ग्रिड से जोड़ा जा सके।
विक्रम सिंह ने कहा कि डीएचबीवीएन अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार से हरियाणा की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राज्य के सतत सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।