हिसार पुलिस ने दूसरे जिले में की कार्रवाई, भारी मात्रा में धागा बरामद
धागा बरामदगी मामले में बिजनौर तक पहुंची हिसार पुलिस
हिसार: हिसार स्थित औद्योगिक प्रतिष्ठान डीसीएम टेक्सटाइल्स से करीब 1.42 करोड़ रुपये मूल्य के धागे के गबन के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ ने एचटीएम थाना में दर्ज मामले की जांच के दौरान नहटौर निवासी कलीम अहमद को पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर नहटौर स्थित उसके गोदाम में छापेमारी कर 215 कट्टों में रखा 10,857 किलोग्राम धागा बरामद किया गया।
निर्यात के लिए भेजे गए कंटेनरों में मिला बजरी-कंकड़
पुलिस के अनुसार, डीसीएम टेक्सटाइल्स हिसार अपने फ्यूचरो ब्रांड का उच्च गुणवत्ता वाला धागा विदेश निर्यात के लिए कंटेनरों में लोड कर गुरुग्राम स्थित आईसीडी गढ़ी हरसरू भेजती थी। कंपनी की शिकायत के मुताबिक, इस वर्ष 13 अगस्त को चीन भेजे जाने वाले 23,668.92 किलोग्राम धागे की कीमत करीब 71.24 लाख रुपये थी। धागे को कंटेनर में लोड करने के बाद सीमा शुल्क विभाग की आरएफआईडी और ई-सील लगाकर ट्रेलर से रवाना किया गया था। हालांकि, बाद में कंटेनर की जांच हुई तो उसमें धागे के स्थान पर बजरी और कंकड़ भरे मिले।
बांग्लादेश भेजे जाने वाले कंटेनर में भी हुई गड़बड़ी
जांच के दौरान कंपनी ने 19 अगस्त की एक अन्य घटना की जानकारी भी पुलिस को दी। उस दिन बांग्लादेश भेजने के लिए 23,668.92 किलोग्राम धागे के 473 कार्टन कंटेनर में लोड किए गए थे। इनकी कीमत करीब 71.01 लाख रुपये बताई गई। इस कंटेनर को भी सीमा शुल्क विभाग की आरएफआईडी और ई-सील लगाकर रवाना किया गया था।
बाद में बांग्लादेश स्थित ग्राहक ने ईमेल के जरिए कंपनी को सूचित किया कि कंटेनर में धागे की जगह बजरी-कंकड़ भरे हुए हैं। साथ ही कंटेनर की सील भी टूटी हुई नहीं थी। दोनों घटनाओं में कंपनी के कुल करीब 1 करोड़ 42 लाख 25 हजार 518 रुपये मूल्य के धागे का गबन सामने आया।
एसआईटी गठित कर शुरू की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 16 सितंबर को पुलिस उपाधीक्षक अपराध कमलजीत की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। जांच टीम ने कंपनी से संबंधित दस्तावेज, बिल, माल की मात्रा, कंटेनरों और परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल की। इसी दौरान कलीम अहमद से पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने नहटौर स्थित अपने गोदाम में मामले से संबंधित धागा रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद सीआईए टीम ने उसकी निशानदेही पर गोदाम में छापा मारकर 215 कट्टों में रखा 10,857 किलोग्राम धागा बरामद कर लिया।